बदायूं। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम अंतिम तिथि से दो दिन पहले ही समाप्त हो गया। शुक्रवार को परीक्षकों के द्वारा 12,613 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं।
जिले में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम 16 मार्च से चल रहा है। इसके लिए शहर में श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज को सेंटर बनाया गया था। यहां पर हाईस्कूल की 1,99,203 और इंटरमीडिएट की 1,48,848 उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गईं थीं। इनमें से श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में बुधवार को मूल्यांकन का काम पूरा हो गया था। शुक्रवार को बचे हुए तीनों सेंटरों पर मूल्यांकन का काम शाम को खत्म हो गया है।
डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि बोर्ड कार्यालय की ओर से जो भी उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गईं थीं उनका मूल्यांकन शुक्रवार को पूरा कर लिया गया है। इससे बोर्ड कार्यालय को भी अवगत करा दिया गया है। अब उत्तर पुस्तिकाओं को वापस बोर्ड कार्यालय भेजा जाएगा। हालांकि इनको वापस भेजने की तिथि अभी तय नहीं है।