सड़क समतल नहीं होना बना हादसे की वजह
कल्याण चौक पर हादसे के बाद जुटे लोगों और ई-रिक्शा चालक अमित ने बताया कि टैंकर तेजी से आ रहा था। मोड़ पर एक छोर पर सड़क नीची है। टैंकर में चूंकि एथेनॉल था, इसके चलते टैंकर उसी तरफ झुकता चला गया। चालक कुछ समझ पाता, तब तक टैंकर पलट चुका था।
चौक पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
बदायूं बाइपास मोड़ स्थित कल्याण चौक पर सबसे पहले भूसा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी थी। इसके करीब दो महीना बाद दो ट्रक आपस में भिड़ गए थे। दोनों हादसों में हालांकि कोई घायल नहीं हुआ था, लेकिन दोनों ट्रकों के शीशे चकनाचूर हो गए थे। इलाके में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक कुशल राघव ने बताया कि मोड़ के पास बिजली के पोल लगे हैं। बिजली के पोल अगर करीब 10 फिट पीछे शिफ्ट कर दिए जाएं तो दिक्कत नहीं होगी।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को पुलिस ने सुरक्षा उपायों के साथ मौके से हटवा दिया है। उसके चालक के मामूली चोट आई है। ई-रिक्शा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। टैंकर हटवाने की कार्रवाई के दौरान एक साइड का आवागमन कुछ देर तक प्रभावित रहा था।