मंडल के चारों जिलों के जनप्रतिनिधियों के साथ दातागंज और सदर विधायक भी मुख्यमंत्री से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मंडल के चारों जिलों के जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी अपने मांगों को रखा। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और दातागंज विधायक बैठक में शामिल हुए, उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही। ऐसे में सोमवार को मुख्यमंत्री की बैठक ने पहुंचे सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शहर में बाइपास, इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण के साथ शेखूपुर गन्ना मिल के विस्तार की मुख्यमंत्री से मांग की। मुख्यमंत्री ने उनको आश्वासन दिया कि जल्द ही काम कराने के लिए धनराशि अवमुक्त कराई जाएगी।
वहीं दातागंज क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी मुख्यमंत्री से क्षेत्र में बाइपास की जरूरत को लेकर चर्चा की। इसके अलावा नई चीनी मिल लगाने और स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भी रखा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि इस पर विचार कर जल्द ही कार्ययोजना तैयार कर धनराशि अवमुक्त कराएंगे।
-
भाजपा सांसद ने भी की क्षेत्र के विकास की मांग
बदायूं । सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने दिल्ली में सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के दृष्टिगत अनुस्मारक पत्र दिया। उन्होंने मौखिक रूप से भी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने का आग्रह किया। नितिन गडकरी से भेंट के दौरान सांसद ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने की मांग की, वहीं रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव को एक सूची सौंपी, जिसमें बदायूं से लखनऊ और बदायूं से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलवाने की मांग की गई। उन्होंने बरेली मुख्य मार्ग पर मलगांव एवं बदायूं-दातागंज मार्ग पर रेलवे फाटक पर जनहित में प्राथमिकता के आधार पर अंडरपास बनाने की मांग की। सांसद के मांग पत्रों पर केंद्रीय मंत्रियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। संवाद