बदायूं। जिले में शनिवार सुबह से ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के करीबी गांव नगला शर्की में दो दिन से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। इससे गांव के पांच हजार लोग प्रभावित हैं। वहीं, वजीरगंज में 13 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे सवा लाख लोगों ने परेशानी झेली। ऐसे ही सैदपुर क्षेत्र में भी 11 घंटे बिजली सप्लाई नहीं मिल सकी। करीब एक लाख लोग अंधेरे में रहे। आसफपुर क्षेत्र के 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित रहे। कुंवरगांव क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट को कर्मचारी सात घंटे बाद ठीक कर सके। वहीं, ओरछी क्षेत्र के गांव खेड़ादास में खंभे टूटे हैं। जिले में 24 घंटे के भीतर पांच लाख से अधिक लोग बिजली ठप होने से प्रभावित हुए हैं।
बारिश से बिजली उपकेंद्र जलमग्न, सप्लाई ठप
उझानी। बिजली उपकेंद्र परिसर में पानी भर गया। पानी ने पहले परिसर, फिर मशीन रूम और ट्रांसफार्मरों के आसपास इलाके को भी चपेट में ले लिया, इसके चलते दो घंटे का ब्रेक डाउन ले लिया गया। इसके बाद सप्लाई शुरू हुई तो फिर से बारिश होने लग गई। एक घंटे का फिर ब्रेक डाउन हुआ। दिन भर एक लाख से अधिक लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। एसएसओ रजनीश कुमार ने बताया कि बारिश का पानी भर जाने से सप्लाई सुचारू रखने में दिक्कत आ रही है। बारिश अधिक हो जाने के बाद नाले का पानी भी उपकेंद्र परिसर में आ गया है। पानी सूखने के बाद ही सप्लाई शुरू हो सकेगी। संवाद
13 घंटे तक सवा लाख लोग रहे प्रभावित
वजीरगंज। क्षेत्र में उलैय्या से आ रही 33 केवीए की लाइन में ब्रेक डाउन की वजह से शुक्रवार रात दो बजे से टाउन, बरौर, कुंवरगांव तथा विश्व बैंक फीडर की आपूर्ति ठप है। सुबह से फाॅल्ट ढूंढने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक फाॅल्ट नहीं मिल पाया है। जेई धर्मात्मा कुमार गौड़ के अनुसार फाल्ट देखा जा रहा है, बरसात की वजह से समस्या आ रही है, टीम लगी हुई है जल्द ही फॉल्ट सही करके आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। सवा लाख लोग 13 घंटे बिजली की समस्या से प्रभावित रहे। शनिवार दोपहर बाद 3.30 बजे आपूर्ति सुचारू हो सकी। संवाद
नहीं मिला फाॅल्ट, 60 हजार लोग अंधेरे में
आसफपुर। बारिश शुरू होते ही शनिवार को सुबह उपकेंद्र से बिजली ठप हो गई। करीब 50 गांव के 60 हजार लोग अंधेरे में हैं। कर्मचारी फाल्ट देखते रहे लेकिन बारिश में फाल्ट ही नहीं मिल सका। जेई मनोज भारद्वाज का तबादला होने के बाद से कर्मचारी भी क्षेत्र में ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। आपूर्ति प्रभावित है। संवाद
18 घंटे के शेड्यूल में केवल 8 घंटे ही मिल रही बिजली
कछला। नगर में पिछले कई दिनों से बिजली का शेड्यूल बारिश के चलते ध्वस्त हो गया है। 18 घंटे बिजली मिलने का शेड्यूल है लेकिन आठ घंटे से अधिक बिजली नहीं मिल पा रही है। अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। क्षेत्र के एक लाख लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जेई श्यामवीर सिंह ने बताया कि उझानी बिजली घर में पानी भरने के कारण बिजली बाधित है। संवाद
बिजली कटौती और ट्रिपिंग से लोग परेशान
उघैती। कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र पर रोस्टिंग के नाम पर छह घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। बाकी 18 घंटे लगातार ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। इन्वर्टर से बैटरा भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। क्षेत्र में रात भर अंधेरा छाया रहता है। क्षेत्र के करीब एक लाख समस्या से जूझ रहे हैं। संवाद
बारिश में टूटे खंभे, संभालने नहीं आए कर्मचारी
ओरछी। क्षेत्र के गांव खेड़ा दास में बारिश में चार बिजली खंभे टूटकर जमीन गिर गए हैं। बिजली लाइन भी जमीन पर पड़ी दिख रहीं हैं। शिकायतों के बाद भी कर्मचारी लाइन ठीक करने नहीं आ रहे हैं। बारिश में बिजली करंट की चपेट में आकर बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। संवाद
कादरचौक में नौ घंटे से बिजली ठप, परेशान दो लाख लोग
कादरचौक। बारिश के चलते बिजली उपकेंद्र के सभी फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह से ठप होने से क्षेत्र के दो लाख से अधिक लोग अंधेरे में हैं। सुबह आठ बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। कर्मचारी फाॅल्ट होने की बात कह रहे हैं लेकिन कब तक सप्लाई मिलेगी इस पर कोई जवाब नहीं है। संवाद
मई गांव में ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा पाए अभियंता
बिसौली। शिकायत के 72 घंटे बाद भी मई गांव में अभियंता ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा पाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कर्मचारी लगातार लापरवाही करते आ रहे हैं। आधे गांव को बिजली सप्लाई ही नहीं मिल पा रही है। सिलसिला लगातार दो साल से चला आ रहा है। शासन के निर्देशों को पलीता लगाने का काम बिजली विभाग के कर्मचारी करते आ रहे हैं। संवाद
ओरछी में टूटा पड़ा बिजली का खंभा। संवाद