ग्रामीणों को समझाते तहसीलदार विजय कुमार और एसडीओ मनीष कुमार। संवाद
बदायूं। आसफपुर सब स्टेशन से जुड़े 25 गांवों को शुक्रवार और शनिवार को रात में बहुत कम समय के लिए बिजली मिली। इससे लोग सो नहीं पाए। इससे नाराज लोगों ने ललुआनगला में एकत्र होकर रविवार दोपहर प्रदर्शन किया। अधिकारी पहुंचे। समझाया कि आठ घंटे में समस्या का समाधान करा दिया जाएगा, इससे बाद नाराज लोग माने।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि 18 घंटे के शेड्यूल में मात्र एक या दो घंटे ही बिजली दी जा रही है। आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक जाते हैं। बदलने में देरी होती है। गांव ललुआनगला में भी ऐसा ही हुआ। पहले ट्रांसफार्मर फुंकने पर बिजली नहीं मिल रही थी, जब ठीक हुआ तो बिजली विभाग के कर्मचारियों ने आपूर्ति बंद कर दी।
लोगों ने कहा कि घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग गर्मी से परेशान हैं। तहसीलदार विजय कुमार और एसडीओ मुनीश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी कर्मचारियों को दी गई है। वहीं ग्रामीणों काे समझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने व्यवस्था ठीक न होने पर सोमवार सुबह धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
सब स्टेशन में बिजली की कोई दिक्कत नहीं है। अगर किसी फीडर पर ओवरलोडिंग की दिक्कत है तो उसे ठीक कराएंगे। शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति मिलगी। आठ घंटे में व्यवस्था संभालने की कोशिश की जाएगी। - रामलाल, अधिशासी अभियंता
मैंने एसडीओ से कहा है शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति सुनिश्चित कराएं, अन्यथा की स्थिति में विभागीय कार्रवाई की संस्तुति के साथ पत्र भेजा जाएगा, क्योंकि बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान हो रहे हैं। - विजय कुमार, तहसीलदार