सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव जामनी टप्पा वैश्य के पास महावा बांध के पार मंदिर में चल रही भागवत कथा के दौरान जनरेटर से करंट लगने के कारण इलेक्ट्रीशियन राजेश (25 वर्ष) की मौत हो गई। उसके परिवार वालों ने डीजे मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने राजेश शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
गांव सुकर्रा के मूल निवासी राजेश काफी समय से अपनी पत्नी सुमन के साथ कस्बे के मोहल्ला अकबराबाद में रह रहे थे। मोहल्ले में ही वह एक डीजे की दुकान पर वह इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। बताते हैं कि 22 सितंबर से जामनी टप्पा वैश्य गांव के नजदीक महावा बांध के पार मंदिर में भागवत कथा चल रही है। राजेश वहीं लाइट फिटिंग और जनरेटर आदि की देखभाल कर रहा था।
बताते हैं कि सोमवार की रात करीब 2:30 बजे वह जनरेटर बंद करने गया था, तभी उसकी करंट लगने से मौत हो गई। बाद में कुछ लोग उसे देखने पहुंचे तो वहां उसका शव जनरेटर के पास पड़ा हुआ था। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और मंगलवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया।
इधर, परिजनों का कहना है कि राजेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो साल पहले ही शादी हुई थी। अभी उसके कोई बच्चा नहीं था। परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो उन्होंने राजेश के कान और नाक से खून निकलता देखा। इससे उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। इसकी छानबीन कराई जा रही है। जांच में जो सच्चाई सामने आएगी, आगे उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।
मृतक राजेश का फाइल फोटो।