बदायूं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने के बाद जिले में कुछ पद रिक्त चल रहे हैं। इसको भरने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से डाटा मांगा गया था। जिला प्रशासन ने रिक्त पदों का डाटा भेजा गया था, जिसमें तीन प्रधान समेत 41 पद खाली थे। अब इन रिक्त चल रहे पदों पर चार अगस्त को मतदान होगा जबकि पांच को मतगणना की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए शासन की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत नामांकन 20 जुलाई तक होंगे, जबकि 21 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच, 22 को अपराह्न तीन बजे तक उम्मीदवारों की नाम वापसी, तीन बजे के बाद में चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। चार अगस्त को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान और पांच अगस्त को सुबह आठ बजे से मतगणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपा रंजन ने अनुसार जिले में आसफपुर के बावेपुर, इस्लामगर में मितरौली और उझानी में ननाखेड़ा में प्रधान पद के लिए जगह खाली पड़ी है। इसके साथ ही 10 क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली चल रहे हैं। यहां चुनाव कराया जाएगा।