बदायूं। बुजुर्ग की मौत पर भतीजे ने अपनी चचेरी बहन और उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि बुजुर्ग की चार बीघा जमीन अपने नाम कराने के बाद उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव लधेड़ा निवासी छोटेलाल (85) इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नगला बारा में अपनी भतीजी कमला देवी के घर पर मार्च से रह रहे थे। कमला देवी ने बताया कि छोटेलाल का काफी दिनों से स्वास्थ्य खराब था। उनका इलाज चल रहा था। छोटेलाल ने अपनी मर्जी से चार बीघा जमीन उनके नाम की है। छोटेलाल चार भाई थे। उनके बड़े भाई की करीब 40 साल पहले ही मौत हो चुकी है।
वहीं भतीजे शेर सिंह ने बताया कि चचेरी बहन व बहनोई इलाज कराने के बहाने उनको मार्च के महीने में बुलाकर अपने साथ ले गए और एक सप्ताह में उनकी जमीन का बैनामा करा लिया। यह लोग उनको घर नहीं जाने दे रहे थे। चार दिन पहले वह उनको देखने बहन के घर गया तो उनकी तबियत ठीक थी।
शेर सिंह ने जमीन हड़पने के उद्देश्य से मारपीट कर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर हरेन्द्र सिंह का कहना है कि एक बुजुर्ग की मौत होने की सूचना मिली थी। उसके परिवार वाले आरोप लगाने लगे तो शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद