उझानी में नाले से ई-रिक्शा निकालते लोग। संवाद
उझानी। कादरचौक रोड पर अढौली रेल फाटक के पास खड़े मक्का लदे वाहनों से बचने की कोशिश में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। उसमें बैठीं नौ सवारियां कीचड़ से सराबोर हो गईं। हालांकि किसी के कोई खास चोट नहीं आई सवारियों में शामिल दो बच्चे डूबने से बच गए।
हादसा पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुआ। कादरचौक क्षेत्र के गांव गफ्फार नगला से ई-रिक्शा में सवारियां बैठाकर चालक ब्रजपाल निकला। रेलवे स्टेशन के रैक प्वाइंट पर जाने के लिए सड़क किनारे खड़े मक्का लदे वाहनों के बीच से होकर ई-रिक्शा जैसे ही आगे बढ़ा, तभी सामने से ट्रैक्टर आ गया। उससे बचने की कोशिश में चालक ब्रजपाल ई-रिक्शा पर नियंत्रण खो बैठा। ई- रिक्शा सड़क किनारे नाले में पलट गया। यह देख राहगीर भी ई-रिक्शा सवार लोगों को नाले से बाहर निकालने में जुट गए।
राहगीरों और वाहन चालकों ने मशक्कत कर सवारियों को बाहर निकाल लिया। चालक ब्रजपाल, सवारियों में ओमेंद्र, अर्जुन, सर्वेश शाक्य और अमित के मामूली रूप से चोट आई है। अमित के बच्चों में गोलू और विवेक नाले की कीचड़ में फंस गए। दोनों बच्चों को डूबने से बचा लिया गया। चश्मदीदों में नेत्रपाल ने बताया कि नाले की गहराई करीब पांच फुट है। अगर समय रहते राहगीर मदद नहीं करते तो दोनों की जान पर बन आती। राहगीरों ने बाद में रस्सी के जरिये ई- रिक्शा भी बाहर निकाल लिया।
पिछले साल पलट गई थी गेहूं लदी ट्रॉली
रेलवे स्टेशन के रैक प्वाइंट पर गेहूं और मक्का के सीजन के दिनों में अनाज लदे भारी वाहन पहुंचते हैं। रैक लोडिंग के दौरान खासकर अढौली और कादरचौक रोड पर वाहनों की संख्या में इजाफा हो जाता है। पिछले साल इसी नाले के पास गेहूं लदी ट्रॉली पलट गई थी। हादसे के दौरान चालक ट्रैक्टर से कूद पड़ा था। इलाके के लोग बताते हैं कि रैक प्वाइंट पर राशन का गेहूं- चावल भी अनलोड होता है। तब भी वाहनों बेतरतीब होकर निकलते हैं।