उझानी में नाले में पड़ा ई- रिक्शा। स्रोत- चश्मदीद
उझानी। कादरचौक रोड पर अढौली रेल फाटक के पास नाले में ई- रिक्शा गिर गया। सवारियां तो सड़क पर ही कूद पड़ीं, लेकिन चालक ई- रिक्शा में फंस गया। उसे राहगीरों ने रस्सी के जरिये बाहर निकाला।
हादसा शनिवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। गांव गफ्फार नगला निवासी ब्रजपाल ई- रिक्शा चलाते हैं। वह तीन- चार सवारियों को बैठाकर उझानी की ओर निकले थे। अढौली फाटक के पास मक्का लदे ट्रक और ट्रैक्टर- ट्रॉलियों से बचकर निकलने की कोशिश में वह ई- रिक्शा पर नियंत्रण खो बैठे। इससे ई- रिक्शा नाले में गिर गया। सवारियां तो पहले की कूद पड़ीं, लेकिन चालक ई- रिक्शा के साथ ही नाले में गिर पड़ा। चश्मदीदों में रामप्रवेश यादव ने बताया कि चालक ब्रजपाल के हाथ में चोट लगी है। घायल ब्रजपाल का निजी क्लीनिक पर प्राथमिक उपचार भी कराया गया। बता दें कि 15 दिन के दौरान दो ई- रिक्शा इसी नाले में गिर चुके हैं। एक बार तो ई- रिक्शा सवार दो बच्चे भी नाले में डूबने से बच गए थे।
अनाज लदे वाहनों की वजह से लग जाता है जाम
- अढौली फाटक के रास्ते से अनाज लदे वाहन मालगोदाम तक आते-जाते हैं। रैक की लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या अधिक होने की वजह से खासकर फाटक के पास कादरचौक रोड पर आवागमन प्रभावित हो जाता है। पिछले दिनों में छह- सात बार जाम भी लग चुका है। अनाज लदे वाहन सड़क किनारे बेतरतीब खड़े कर लिए जाते हैं।