उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज में कहासुनी के बाद रविवार देर रात एक पक्ष के लोगों ने किराना दुकानदार ओमकार गुप्ता को पीट दिया। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और सामान फेंक दिया। मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अब्दुल्लागंज निवासी ओमकार गुप्ता की गांव में ही किराना की दुकान है। आरोप है कि रात में कुलदीप पाली और उसके परिजन ओमकार की दुकान पर आए। उनकी सामान खरीदने को लेकर दुकानदार से कहासुनी हो गई। इस पर आरोपियों ने ओमकार की पिटाई कर दी। हंगामा और मारपीट के दौरान आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों समेत दुकानदारों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से भाग गए। रात में ही ओमकार ने अब्दुल्लागंज चौकी पर जाकर पुलिस कर्मियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
ओमकार समेत गांव के दुकानदारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अगले दिन अपने प्रतिष्ठान भी बंद रखे। कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात ओमकार की तहरीर पर कुलदीप, उसके भाई अमरदीप, बेटे संजय और परिवार के अजय पाली के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ की धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके बाद मंगलवार को दुकानें खुलीं। कुलदीप ने भी दुकानदार पर मारपीट का आरोप लगाया है।