वज़ीरगंज। आंवला रोड पर गांव चुलरा मोड़ के पास दो शराबियों ने आंवला की ओर से आ रही कार रोककर उसके शीशे तोड़ दिए। कार सवारों ने विरोध किया तो गालीगलौज करते हुए महिलाओं से अभद्रता की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव हतरा निवासी अदनान बुधवार अपराह्न कार से आंवला से लौट रहे थे। कार में परिवार की दो महिलाएं और तीन बच्चे भी थे। आरोप है कि गांव चुलरा मोड़ के पास नशे में धुत दो युवकों ने सड़क पर खड़े होकर कार रुकवा ली और ईंट मारकर शीशे तोड़ दिए।
अदनान ने विरोध किया तो शराबियों ने कार में बैठीं महिलाओं से अभद्रता की। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों के आने पर दोनों युवक भाग गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की पहचान कर उनके नाम बता दिए हैं। अदनान ने पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। संवाद