बदायूं। शहर के भामाशाह चौक पर शुक्रवार को टेंपो सीज होने के बाद चालक ने हाईबोल्टेज ड्रामा कर दिया। वह शाम को शराब पीकर आया और चौराहे पर अपने गले में रस्सी डालकर आत्महत्या करने का ड्रामा किया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नरऊ निवासी गुड्डू टेंपो चलाता है। बताते हैं कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपना टेंपो लेकर भामाशाह चौक पर आया था। वह चौराहे पर अपना टेंपो खड़ा करके सवारियों को बैठा रहा था। तभी ट्रैफिक पुलिस ने उसका टेंपो सीज कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने उसका टेंपो कब्जे में लेकर पुलिस लाइन में खड़ा करा दिया। इसके बाद गुड्डू वहां से चला गया। बताते हैं कि वह शाम करीब पांच बजे शराब पीकर भामाशाह चौक पर आया। उसके हाथ में एक रस्सी थी। उसने रस्सी का एक सिरा बिजली के खंभे में बांध दिया और दूसरे सिरे का फंदा बनाकर अपने गले में डाल लिया। इस दौरान वह पुलिस कर्मियों से गालीगलौज भी कर रहा था। उस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। इसकी सूचना पर चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिर जैसे-तैसे उससे रस्सी छीनी गई। इस दौरान टेंपो चालक सड़क पर गिरने से घायल हो गया। इससे पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। बताते हैं कि उसके टेंपो के कई चालान हो चुके हैं लेकिन आज तक कोई चालान जमा नहीं किया गया।
-
- चालक भामाशाह चौक पर टेंपो खड़ा करके सवारियों को बैठा रहा था। इससे चौराहे पर जाम लग रहा था, जिससे टेंपो सीज कर दिया गया था। बाद में उसने शराब पीकर चौराहे पर ड्रामा किया। उसके टेंपो के कई चालान हैं और कोई जमा नहीं किया है। - राम सेवक राठौर, प्रभारी यातायात