डीएम अनिता श्रीवास्तव ने शनिवार को विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित बैठक में समस्त नोडल अधिकारियों को आवंटित गांव जल्द से जल्द ओडीएफ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों का बचा हुआ कार्य एक सप्ताह के अंदर पूर्ण कर लिया जाए। जिन परिवारों के पास शौचालय नहीं हैं, उनके लिए निर्माण कराया जाए और खुले में शौच को जा रहे लोगों को शौचालय के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाए। डीएम ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें सभी अधिकारी एवं कर्मचारी रुचि लेकर कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी प्रतिदिन अपने-अपने गांवों में पहुंचकर किए गए कार्य का निरीक्षण करें और बचे हुए कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं, इससे जनपद को खुले से शौच मुक्त कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का शौचालय बन जाए वे लोग अपना शौचालय प्रयोग में जरूर लाएं। उन्होंने कहा कि खुले में शौच करने से विभिन्न प्रकार की बीमारियां एवं घटनाएं घटित होती रहती हैं। इनसे शौचालय बनाकर बचा जा सकेगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सेवाराम चौधरी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी शशिकांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।