उझानी में ट्रैक्टरों की भिड़ंत में डीजे सिस्टम से गिरे घायल कांवड़िया को अस्पताल लाते पुलिस कर
उझानी (बदायूं)। कांवड़ यात्रा के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आपस में भिड़ गईं। एक ट्रॉली सवार कांवड़िया डीजे साउंड सिस्टम के साथ सड़क पर गिर पड़ा। डीजे क्षतिग्रस्त होने के साथ ही तीन कांवड़िये घायल हो गए। घायलों में दो कांंवड़ियों के पैर टूट गए।
हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे करूआ पुल के पास हुआ। पीलभीत जिले में बरखेड़ा क्षेत्र के गांव सिमरिया ताराचंद्र और मचवाखेड़ा निवासी कांवड़िया कछला से जल लेकर निकले थे। बताते हैं कि सामने से दूसरी टोली के कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली उनकी ट्रॉली से भिड़ गई। टक्कर लगते ही बरखेड़ा क्षेत्र के कांवड़ियों की ट्रॉली पर लगा डीजे साउंड सिस्टम गिर पड़ा। चपेट में आने से मचवा खेड़ा निवासी दिनेश (22) पुत्र तारांचद्र, अनिकेत (18) पुत्र कमला शंकर और सिमरिया ताराचंद्र निवासी चेतन कुमार (30) पुत्र मोतीराम घायल हो गए।
हादसे के बाद कांवड़ियों ने अपने घायल साथियों को डीजे हटाकर बाहर निकाला। सूचना के बाद पुलिस की पीआरवी भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने अपने वाहन से ही घायल कांवड़ियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार ने बताया कि घायल कांवड़ियों में अनिकेत और चेतन का पैर टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।