बदायूं। जिला योजना में शामिल कार्ययोजना में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) 97 नई सड़कें बनवाएगा। इसके लिए 11839 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया है। वहीं 12 पुरानी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। उसके लिए अलग से बजट अनुमोदित हुआ है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कुछ समय पहले जिलेभर की सड़कों का सर्वे किया था। इस दौरान 97 ऐसी सड़कें चिह्नित की गईं, जो काफी जर्जर हैं। इनमें दातागंज के भटौली-संतोषनगर मार्ग, बिहारीपुर-धर्मी पट्टी अरुण के मकान तक, दातागंज-बरेली मार्ग से कैलोरा मार्ग, अटेना संपर्क मार्ग से कारव, जलालपुर से निजामाबाद इंटर कॉलेज तक, बोंदरी राजकीय डिग्री कॉलेज से लेकर बोंदरी तक।
वहीं मलिकपुर से अल्लापुर चमारी तक, भकौड़ा से कौआ तक, झब्बू नगला से अल्लापुर तक, जगह से अलीपुरा तक आदि समेत 97 मार्ग शामिल हैं। वहीं गढ़ाह से रायपुर धीरपुर, दातागंज के बेलाडांडी से पुरौनी मार्ग और म्याऊं से जालिमनगला रोड समेत 12 मरम्मत के लिए चिह्नित हैं।
विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इस पर नई सड़कों के लिए 11839 लाख रुपये अनुमोदित हुआ है। वहीं पुरानी सड़कों की मरम्मत के लिए 854 लाख रुपये अनुमोदित हुआ है।
- जिला योजना में सभी विधानसभाओं से सड़कों को चिह्नित किया गया है। 97 नई सड़कें बनाई जाएंगी और 12 पुरानी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए बजट भी अनुमोदित हो गया है। - मनीष कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी