बदायूं। कोरोना के कारण चल रहे लॉकडाउन में लोगों का घरों से निकलना बंद हो गया है, ऐसे में दिल्ली, नोएडा, हरियाणा आदि राज्यों से आने वाले मजदूरों समेत उन परिवारों में भी समस्याएं आने लगी हैं जो यहां मेहनत मजदूरी करके रोजाना पैसा कमाते हैं और अपने परिवार का पेट भरते हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन ने कदम बढ़ाए हैं, जिसके तहत बुधवार को भी कई जगहों पर जरूरतमंदों को राहत सामग्री का वितरण किया गया।
बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले स्वयंसेवियों ने लालपुल और दातागंज तिराहे पर जरूरतमंदों को राहत सामग्री के पैकेट बांटे। डीएम कुमार प्रशांत ने इन जरूरतमंदों को पैकेटों का वितरण किया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि इस समय पूरे देश पर संकट की घड़ी है जिसका मुकाबला हम सबको मिलकर करना होगा। लोग अपने घरों पर रहें और दूसरों का सहयोग करें। जरूरतमंदों को किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
इसके अलावा व्यापारी नेता नवनीत गुप्ता द्वारा भी कलेक्ट्रेट पर काम करने वाले मजदूरों को राहत सामग्री बांटी गई। इस मौके पर व्यापारी नेता ने कहा कि वह आगे भी ऐसे लोगों की मदद करते रहेंगे। इस दौरान राजकमल गुप्ता, अनिकेत वार्ष्णेय, गौरव गुप्ता, सोनू वर्मा, राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।