जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की टीम ने मंगलवार को विकासखंड जगत क्षेत्र के गांव मझिया स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल के प्रथम सत्र परीक्षा का जायजा लिया। बाद में टीम ने बच्चों को स्वच्छता के बारे में बताया। कहा कि गांव के लोगों को बताया जाए कि कोई भी व्यक्ति खुले में शौच को न जाए। डायट प्रवक्ता नरेश सिंह सोलंकी और मुनेंद्र कुमार सिंह ने मझिया स्कूल में पहुंचकर सबसे पहले एमडीएम, बच्चों की उपस्थिति आदि के बारे में जानकारी ली। बाद में कक्षाओं में पहुंचकर सत्र परीक्षा का जायजा लिया। विद्यालय में प्रत्येक शैक्षिक रिकार्ड के पूरा मिलने पर प्रशंसा की। डायट प्रवक्ता ने स्वच्छ भारत अभियान के बारे में बच्चों को जानकारी दी। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वह गांव वालों को बताएं कि कोई भी व्यक्ति खुले में शौच नहीं जाए। इसके लिए स्कूली बच्चे और शिक्षक जागरूकता रैली भी निकालें। मुनेंद्र सिंह ने बच्चों को और भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस मौके पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका गीता सिंह, शिक्षिका संगीता रस्तोगी, प्रतिभा सिंह, श्वेता गुप्ता, राजीव कुमार, बीटीसी प्रशिक्षु शिवानी सिंह आदि रहे।