मुजरिया थाना पुलिस ने पकड़े हत्यारोपी पिता-पुत्र। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जाहिदपुर घनसुलिया में दुर्वेश की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी वीरपाल के बेटे अवनीश को भी पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा बरामद हुआ है। दोनों पिता-पुत्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि वह बेटी को ले जाने वाले नन्हे का खेत बंजर करना चाहते थे, लेकिन दुर्वेश मना करने के बाद भी उसके खेत में फसल कर रहा था। इसलिए उसकी हत्या कर दी।
सोमवार रात मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव जाहिदपुर घनसुलिया में फसल की सिंचाई करने गए 38 वर्षीय दुर्वेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस दौरान दुर्वेश के पिता दाताराम और गांव का नरेंद्र भी खेत पर मौजूद था। दाताराम ने सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव महमूदपुर सोगना निवासी वीरपाल समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। कुछ घंटे बाद वीरपाल को गिरफ्तार कर लिया गया था। अन्य आरोपियों की तलाश में टीम लगा दी गई थी। बुधवार सुबह पुलिस ने श्रीमती सुशीला देवी इंटर कॉलेज खितौरा रोड चौराहे से वीरपाल के बेटे अवनीश को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ है।
एसओ राजेश कौशिक ने बताया कि पूछताछ में दोनों पिता-पुत्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वीरपाल के अनुसार, उसके गांव का नन्हे उसकी बेटी को ले गया था। इसलिए वह नन्हे के खेत को बंजर देखना चाहते थे, लेकिन दुर्वेश उसका खेत बटाई पर कर रहा था। वह उसको कई बार ऐसा करने से मना कर चुके थे। दुर्वेश नहीं माना तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अवनीश को नामजद करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को जेल भेज दिया है।