सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस इलाके में बसंतनगर और सनाय गांव के बीच गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। थाना पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। गले में अंगोछा कसा मिला है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या करके शव यहां लाकर डाला गया है।
शनिवार शाम ग्राम बसंतनगर के पीछे स्थित अन्नी गांव को जाने वाली सड़क से कुछ लोग गुजर रहे थे, तभी उन्हें गन्ने के खेत से दुर्गंध आती महसूस हुई। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में जाकर देखा तो एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा था। सूचना पर शेखूपुर चौकी इंचार्ज विनोद दीक्षित सिपाही भूपेश के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई भी आ गए। मृतक की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है। अनुमान है कि शव 10-12 दिन पहले यहां लाकर डाला गया होगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। मतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।