Death of woman after childbirth, allegations of negligence
- फोटो : Death of woman after childbirth, allegations of negligence
प्रसव के बाद एक महिला की हालत बिगड़ गई। उसे सीएचसी से बदायूं रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर बरेली भेज दिया गया। परिवार वाले उसे बरेली ले जा रहे थे। महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतका के परिवार वालों ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दातागंज कोतवाली के गांव दुधारी निवासी नन्हे सिंह ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी सीमा को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार शाम दातागंज सीएचसी में भर्ती कराया था। बुधवार सुबह सीमा ने यहां बेटी को जन्म दिया। इसके बाद सीमा को रक्तस्राव चालू हो गया। रक्तस्राव बंद न होने पर यहां से सीमा को जिला अस्पताल भेज दिया गया। यहां भी उसकी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे बरेली ले जाने की सलाह दी। परिवार के लोग उसे बरेली ले जा रहे थे। रास्ते में ही सीमा की मौत हो गई। आरोप है कि दातागंज सीएचसी पर डॉक्टर और नर्स ने लापरवाही की। नन्हे सिंह की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ललित मोहन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल रहेगी। इधर, डॉ. सनोज मिश्रा का कहना है कि किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है। महिला को यहां से रेफर किया गया था, उसी वक्त पुलिस को भी इस बारे में सूचना दे दी गई थी।