बिसौली (बदायूं)। मुरादाबाद के एक हॉस्पिटल में भर्ती बिसौली के कोरोना संदिग्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुबह परिवार वालों ने उसके शव को भी दफन कर दिया। हड़कंप तब मचा जब शनिवार शाम संदिग्ध युवक प्राइवेट लैब की जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मोहल्ले में पहुंच गए। बैरियर लगाकर पूरा मोहल्ला सील करा दिया और सैनिटाइजेशन कराया गया। कस्बे में सराय मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय युवक इस्लामनगर चौराहे पर फल बेचने का काम करता था। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री तो नहीं थी लेकिन 17 जून की शाम अचानक उसकी हालत खराब हो गई। इस पर परिवार वाले उसे नगर के एक हॉस्पिटल ले गए। हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे मुरादाबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। तब से युवक का मुरादाबाद के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार रात उसकी इलाज के दौरान वहीं मौत हो गई। जिससे परिवार वाले उसके शव को कस्बा ले आए। सुबह करीब साढ़े नौ बजे शव को कब्रिस्तान में ले जाकर दफन कर दिया। इस दौरान दर्जनों लोग मौजूद थे। परिवार वाले घर आकर शोक में डूबे थे। शाम को परिवार वालों को सूचना मिली कि युवक कोरोना पॉजिटिव था। बताते हैं कि युवक का बरेली में सैंपल लिया गया था। वहीं उसकी प्राइवेट लैब में जांच कराई गई थी, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इधर, जब परिवार वालों को ये सूचना मिली तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। वहीं पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद एसडीएम सीपी सरोज, सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर, तहसीलदार कर्णवीर सिंह, इंस्पेक्टर पंकज लवानिया, ईओ नवनीत सिंह और डॉ. सुशांक बनर्जी मौके पर पहुंच गए। परिवार के 13 लोगों को होम क्वांरटीन करते हुए मोहल्ले को सील करा दिया। वहीं नगर पालिका द्वारा मोहल्ले को सैनिटाइज कराया गया है।
युवक का इलाज मुरादाबाद के एक हॉस्पिटल में चल रहा था। वहीं उसकी मौत हुई है। सुबह परिजनों ने उसके शव को दफन कर दिया। तब उसकी रिपोर्ट आई। वह प्राइवेट लैब की जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव बताया गया है। इससे परिवार के 13 लोगों को होम क्वांरटीन किया गया है। -डॉ. सुशांक बनर्जी, प्रभारी चिकित्साधिकारी बिसौली