बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम छुईया मंदिर और धर्मकांटा के बीच सड़क पर बेहोश पड़े मिले किसान श्रीपाल (65) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वह शाम के समय साइकिल लेकर शहर से गांव लौट रहे थे। थाना पुलिस ने सड़क हादसे का अंदेशा जताते हुए शुक्रवार दोपहर उनके शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
थाना क्षेत्र के गांव गिनौरा वाजिदपुर निवासी किसान श्रीपाल शहर में बाबा कॉलोनी में स्थित एक स्कूल में माली का काम करते थे। गांव में उनकी पांच बीघा जमीन भी है। बेटे राजपाल के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे उसके पिता श्रीपाल साइकिल से शहर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बदायूं-उझानी मार्ग पर छुईया मंदिर और धर्मकांटा के बीच वह साइकिल समेत सड़क पर पड़े मिले।
राहगीरों ने उन्हें देखकर परिवार वालों को सूचना दी, जिससे परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्हें तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। राजपाल का कहना है कि उसके पिता के पैर में केवल खरोंच आई है। इसके अलावा शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले थे। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि किसान की सड़क पर गिरकर मौत हुई है। हादसे का अंदेशा है। शिकायत पर मामले की जांच कराई जाएगी।