बदायूं। वजीरगंज क्षेत्र के गांव नदवारी में आवारा सांड़ ने खेत में काम कर रहे बुजुर्ग को हमला कर मार डाला। सांड़ के हमले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी आवारा सांड़ कई ग्रामीणों को हमला कर घायल कर चुका है। नदवारी समेत आस-पास के गांवों में सांड़ के आतंक से खौफ है। वजीरगंज क्षेत्र के गांव नदवारी निवासी 65 वर्षीय नन्नू राम रविवार को गांव के पास ही अपने खेत पर काम निपटाने गए थे। खेत में काम करते वक्त उनके पास आवारा सांड़ आ गया। नन्नू राम सांड़ से बचने के लिए वहां से भागे। सांड़ ने पीछा कर उनको हमला कर गिरा लिया। इसके बाद सींगों से कई बार हमला किया। नन्नू राम इसमें गंभीर घायल हो गए। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने किसी तरह से सांड़ को भगाया। परिवार वालों ने नन्नू राम को अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार दोपहर उनकी यहां मौत हो गई। परिवार वालों का घटना के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोगों का कहना है कि आवारा सांड़ अक्सर हमला कर ग्रामीणों को घायल कर दिया करता है। पहले भी कई लोगों को बुरी तरह से घायल कर चुका है।