बदायूं। सहसवान कस्बे के मोहल्ला नयागंज निवासी कुमकुम माहेश्वरी का कहना है कि उनके पति को बंटवारे में बस अड्डे के सामने मकान मिला है। उस पर कब्जा भी है। उनका बेटा बाहर रहकर नौकरी करता है और बेटी की शादी हो चुकी है, जिससे उन्होंने अपने मकान को प्रेम गंगा लोक कल्याण समिति को किराये पर दे दिया है। उनके पति के भाई दीपेंद्र का उस मकान से कोई लेना देना भी नहीं है। उनके हिस्से में मकान और दुकान आई थी। वह अपने हिस्से पर काबिज है लेकिन दीपेंद्र और ईश्वर सरन उनके मामलों में आपत्ति करते हैं। उन्हें धमकी देते हैं और 20 लाख रुपये की मांग भी कर रहे हैं।
उझानी कोतवाली पुलिस 15 जून को उनके मकान का नक्शा बनाने आई थी, जिससे पुलिस ने मकान का ताला खुलवाया था। तभी दीपेंद्र, अनुराग, प्रणत उर्फ मन्नू और आदर्श आ गए। उन्होंने पुलिस के सामने ही उनके साथ मारपीट कर दी। पुलिस तो वहां से चली गई, लेकिन यह लोग उनके घर में घुस आए और उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। उनकी गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। इसकी सूचना पर कई लोग आ गए। तब कहीं आरोपी मौके से भागे। सहसवान पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद