(13 बीडीएन-16)विनावर क्षेत्र में घटना स्थल पर जमा भीड़।संवाद
बिनावर (बदायूं)। कासगंज की रहने वाली ज्योति (30) का शव सोमवार सुबह बिनावर इलाके में मोहम्मदी और पुठी गांव के बीच एक सरसों के खेत में पड़ा मिला। शव के पास ही उसका मोबाइल और आधार कार्ड पड़ा था, जिनसे पुलिस ने उसकी शिनाख्त की। बदायूं पहुंचे परिजन ने बताया कि ज्योति शनिवार सुबह से लापता था। उन्होंने कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन ने अगवा कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव नगला रागी में रहने वाले चंद्रपाल के मुताबिक ज्योति उनके बड़े बेटे सतीश की पत्नी थी। सतीश गोवा में रहकर ट्रक चलाता है। वह कभी-कभी घर ही आता है। उन्होंने बताया कि ज्योति अपनी दवा लेने के लिए पटियाली (कासगंज) जाने के लिए घर से निकली थी। शाम तक वापस नहीं आई तो उन्होंने ज्योति की तलाश शुरू की। शनिवार रात तक परिवार वाले उसे गांव से लेकर शहर तक तलाशे रहे। जब उसका पता नहीं चला तो रविवार सुबह सिकंदरपुर वैश्य थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी।
इधर सोमवार सुबह ज्योति का शव बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदी और पुठी के बीच सड़क किनारे राकेश साहू के सरसों के खेत में पड़ा मिला। सुबह राहगीरों ने सरसों के खेत में कुत्तों को देखा तो पहुंचे वहां कुत्तों को महिला का नोचते देखा। कुत्ते उसके चेहरे का मांस नोचकर खा गए थे। वहीं पास में उसका मोबाइल और आधार कार्ड पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के मोबाइल और आधार कार्ड को कब्जे में लेकर छानबीन की। अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला का शव किसी वाहन से लाकर यहां डाला गया था। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने अगवा कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
महिला के मोबाइल से खुलेगा राज
महिला के लापता होने के संबंध में भले ही परिवार वालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी लेकिन उसके अपहरण जैसा मामला सामने नहीं आया था। महिला कहां से लापता हुई। उसकी आखिरी बार किससे बात हुई। इन सबका खुलासा उसके मोबाइल से होगा। कहीं न कहीं महिला को ले जाने वाले उसके परिचित रहे होंगे। शायद जिससे महिला उनके साथ चली गई। पुलिस ने महिला के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया है। जल्द ही इसमें पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच जाएगी।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी उसकी रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद कुछ स्थिति साफ होगी। उसकी हत्या कैसे हुई यह सब पता चलेगा। पुलिस ने अपनी छानबीन शुरू कर दी है। - आलोक मिश्रा, सीओ सिटी
(13 बीडीएन-16)विनावर क्षेत्र में घटना स्थल पर जमा भीड़।संवाद
(13 बीडीएन-16)विनावर क्षेत्र में घटना स्थल पर जमा भीड़।संवाद