मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे शव मिलने के दौरान लगी भीड़। संवाद
बिसौली। कोतवाली क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे ग्राम दिसौलीगंज के नजदीक शनिवार सुबह एक युवक का शव कूड़े के ढेर में दबा मिला। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। लोगों का अनुमान है कि उसकी हत्या कर शव को कूड़े के ढेर में दबाया गया है।
शनिवार सुबह ग्राम दिसौलीगंज के कई बच्चे मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे खाली जगह में खेल रहे थे। वहीं नजदीक में चाट का एक ठेला लगा था। बच्चे कूड़े के ढेर के नजदीक एक पेड़ पर टहनी तोड़ने गए। तभी उन्होंने युवक का शव कूड़े के ढेर में दबा देखा। बच्चे डर गए। उन्होंने ठेले के नजदीक खड़े अन्य लोगों को इस बारे में बताया, जिससे मौके पर तमाम लोगों की भीड़ लग गई।
लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी मौके पर आ गई। उसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाकर युवक का शव कूड़े के ढेर से बाहर निकलवाया। पुलिस के मुताबिक युवक की उम्र करीब 40 साल है। लाल रंग की जर्सी, स्लेटी रंग की इनर और लोअर पहने है। शव काफी खराब हो चुका है। चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा है। एक पैर को कुत्ते नोंचकर खा चुके हैं।
पुलिस ने युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शनिवार दोपहर बाद तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। लोगों का अनुमान है कि युवक की हत्या की गई है। वह शायद दूसरे जिले का रहने वाला है। उसके शव को रात में किसी वाहन से लाया गया होगा और यहां कूड़े के ढेर में छिपा दिया गया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अभी शव की पहचान नहीं हो पाई है। उसके बारे में सभी थानों और दूसरे जिले के थानों में भी सूचना भेजी है। पहचान होने के बाद ही कोई कार्रवाई हो पाएगी।