दहगवां/जरीफनगर (बदायूं)। जरीफनगर थाने में रिश्वतखोरी बंद नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार की दोपहर जरीफनगर थाने का एक और चौकी इंचार्ज रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। दानपुर के चौकी इंचार्ज धर्मवीर सिंह बिना शिकायती पत्र के आरोपी को धमका रहे थे। उसे जेल भेजने की धमकी भी दे रहे थे। उन्होंने 20 हजार रुपये में मामला निपटाने को कहा था, लेकिन बात 10 हजार रुपये में तय हो गई थी। पीड़ित मनोज कुमार ने एंटी करप्शन टीम को सूचना दे दी। बृहस्पतिवार दोपहर चौकी इंचार्ज रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिए गए। उनके खिलाफ मुजरिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव अंबियापुर निवासी गोविंद पाठक ने बरेली एडीजी को जाकर तहरीर दी थी कि उसके गांव का मनोज और उसका भाई दबंग प्रवृत्ति का है। वह जान से मारने की धमकी देते हैं। उनकी शिकायत की जांच सीओ सहसवान कर्मवीर सिंह को दी गई थी। उन्होंने शिकायतकर्ता और आरोपितों को अपने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था।
मनोज अपने बयान भी दर्ज करा चुका था। मनोज का कहना है कि वह अपने गांव में फर्नीचर की दुकान चलाता है। उसके खिलाफ फर्जी शिकायती पत्र दिया गया था। इसकी जांच सीओ सहसवान कर रहे हैं, लेकिन दानपुर चौकी इंचार्ज लगातार उसकाे हड़का रहे थे। वह उससे कह रहे थे कि उसके शिकायती पत्र आया है। अधिकारियों का काफी दबाव है। इसमें उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और उसे जेल जाना पड़ेगा।
चौकी इंचार्ज उससे 20 हजार रुपये में मामला निपटाने को कह रहे थे, जबकि उसने कहा था कि वह 10 हजार ही दे पाएगा। इससे मामला 10 हजार रुपये में तय हो गया। बृहस्पतिवार दोपहर के समय रुपये देने का वादा था, लेकिन इससे पहले ही मनोज एंटी करप्शन टीम को सूचना दे चुका था। टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर के समय दानपुर पुलिस चौकी के आसपास अपना जाल बिछा दिया।
मनोज चौकी पर रुपये लेकर पहुंचा। उस दौरान चौकी इंचार्ज वहां नहीं थे। मनोज ने उन्हें काॅल कर बताया कि वह चौकी पर आ गए हैं। चौकी इंचार्ज बोले कि वहां एक आदमी है। उसे रुपये दो लेकिन मनोज इसके लिए तैयार नहीं हुआ। बोला कि वह आपके हाथ में ही रुपये देगा। इससे चौकी इंचार्ज बाइक लेकर पहुंच गए। उन्होंने जैसे ही रुपये लेकर अपनी जेब में रखे कि तभी एंटी करप्शन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
इसके बाद उन्हें मुजरिया थाना लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। टीम उन्हें लेकर बरेली चली गई। सुबह उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसआई धर्मवीर सिंह।