दर्शकों से नोट लेती नर्तकी। वायरल वीडियो
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। रामलीला महोत्सव में राम बरात के बाद रविवार देर रात रामलीला के मंच पर नर्तकियों के ठुमके लगाने का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग नर्तकियों के हाथ में नोट थमा रहे हैं, तो कुछेक नोट उछालते दिख रहे हैं। वीडियो में पंडाल में मौजूद होमगार्ड भी दिख रहे हैं, जो तमाशबीन बने हुए हैं।
वायरल वीडियो रविवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। इसमें दो नर्तकियां फिल्मी गाने पर नाचती दिख रही हैं। कुछेक महिला दर्शकाें की मौजूदगी में दो-तीन युवक पहले नर्तकी के करीब जाने की कोशिश करते हैं, जब वह उनके करीब नहीं आईं तो वे एक-एक करके उन्हें नोट थमाकर लौटते दिख रहे हैं। एक युवक दूसरी नर्तकी पर नोट उछालता दिख रहा है। रामलीला मेला में ड्यूटी पर तैनात तीन-चार होमगार्ड भी स्टेज के पास कुर्सियों पर बैठे नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी अढौली गांव के रामपाल ने बताया कि राम बरात के बाद मेला परिसर में पहुंचते ही नर्तकियों का नाच-गाना शुरू हो गया था। वैसे, ठुमकों वाला कार्यक्रम आधी रात के बाद शुरू होता है।
रामलीला मंचन के बाद देर रात दूसरी कंपनी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। राम बरात की वजह से सांस्कृतिक कार्यक्रम जल्दी शुरू हो गए थे। अगर किसी दर्शक ने नर्तकियों पर नोट उछाले हैं, तो हकीकत का पता करेंगे। वैसे, रामलीला मंच पर शाम को रामलीला और दिन में रासलीला कार्यक्रम होते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अलग से मंच की व्यवस्था नहीं है।- कृष्ण कुमार वार्ष्णेय, मेलाध्यक्ष।
उझानी के रामलीला में नोट उड़ाने का वीडियो हमारे पास नहीं आया है और न ही इस तरह की कोई शिकायत आई है। इसके बावजूद मामले की जांच कराई जाएगी। उसमें जो सही होगा, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।- शक्ति सिंह, सीओ उझानी
नर्तकी के ऊपर उड़ते नोट। वायरल वीडियो- फोटो : BADAUN