बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव रिसौली में मेरे राम कथा समिति के तत्वावधान में चल रही रामकथा में गुरुवार को रवि समदर्शी महाराज ने भगवान राम के जन्म एवं शिव विवाह प्रंसग को मार्मिक ढंग से सुनाया। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु ने पृथ्वी पर फैले अत्याचार को दूर करने एवं बढ़ते अधर्म को लेकर राम के रूप में अवतार लिया था। जब नारद जी को कामदेव को जीतने का घमंड हो गया, तब भगवान विष्णु ने कहा कि मैं अपने भक्तों का घमंड दूर करता हूं। नारद के इस गर्भ गृह में घमंड का अंकुर जम आया है। मैं इसे दूर करूंगा। इसके बाद कथा व्यास ने नारद का घमंड दूर करने का प्रसंग विस्तारपूर्वक सुनाया, जिसे सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। बीच-बीच में आयोजित भजनों का भी भक्तों ने आंनद लिया। इस मौके पर सोनू शर्मा, विपिन कुमार, योगेश माहेश्वरी, गोपाल सिंह, गोविंद राणा, धर्मेंद्र सिंह, दुष्यंत सिंह, ओमवीर, अजय सोलंकी, पंकज मिश्रा आदि मौजूद रहे।