बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरोलिया स्थित वृद्धाश्रम पर स्वामी रामचंद्र आचार्य ने यहां पहुंचकर बाल कृष्ण की लीलाओं का दर्शन कराते हुए कहा कि भगवान की अनूठी बाल लीलाओं के माध्यम से ही जीव अपना कल्याण कर सकता है। यद्यपि भगवान कृष्ण ने जन्म से लेकर अपने स्वधाम गमन पर्यंत जो लीलाएं कीं वह सब श्रवण कीर्तन और स्मरण करने योग्य हैं। मानव इन लीलाओं का दर्शन श्रवण कीर्तन और मनन करते हुए परमानंद अनुभूति प्राप्त करके भगवत प्राप्ति के लिए अपना मार्ग प्रशस्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यावान व्यक्ति ही भगवत प्राप्ति करने में सक्षम होता है। कई अन्य प्रसंगों का वर्णन बड़े ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। इस मौके पर आश्रम के संचालक वेदव्यास शर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे। ब्यूरो