अरिल नदी किनारे शुक्रवार शाम मिला कंकाल संभल जिले के हुलासनगर के युवक खेमपाल का निकला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने शव की शिनाख्त भी कर ली। खेमपाल की हत्या करने का आरोप एक ग्राम प्रधान और उसक साले पर है। घटना के पीछे रुपयों के लेनदेन का विवाद बताया जाता है। शुक्रवार देर शाम बिसौली थाना क्षेत्र में करलावाला गांव के पास नदी किनारे एक युवक का कंकाल मिला था। युवक को मारने के बाद जलाया गया था। पुलिस के छानबीन करने पर पता चला कि कंकाल संभल जिले के थाना कुड़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव हुलासनगर के खेमपाल का है। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने शव की शिनाख्त कर ली। परिवार वालों के मुताबिक सोमवार को खेमपाल को उसके मोबाइल पर फोन करके उसी गांव के रहने वाले एक दूधिया ने रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र के ढकिया गांव बुलाया। खेमपाल अपने साथी वीरन को संग लेकर बाइक पर ढकिया पहुंचा। जहां योजना के तहत दूधिया ने खेमपाल और वीरन को शराब पिलाई। शक न हो इसलिए थोड़ी शराब खुद भी साथ में पी। वहां से दोनों को दूधिया अपने साथ घारमपुर गांव ले गया। वहां भी दोनों को शराब पिलाई गई। वहीं एक प्रधान मिला, जो दूधिया का बहनोई है। वहां से प्रधान खेमपाल और वीरन को अपने घर ले गया। दूधिया भी साथ गया था। जहां खाना खाने के बाद खेमपाल और वीरन एक चारपाई पर सोए थे। सुबह वीरन जागा तो खेमपाल गायब था। वह इंतजार करने के बाद अपने घर लौट गया। प्रधान ने खेमपाल की बाइक की चाबी और मोबाइल वीरन को दे दी। खेमपाल की लाश मिलने पर बिसौली पुलिस ने वीरन को हिरासत में ले लिया है। मां रेश्मा ने बताया कि खेमपाल ने दूधिया से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। काफी रुपये लौटा भी चुके थे। बावजूद इसके और रुपये मांग रहा था। इसी के चलते दूधिया और उसके बहनोई ने मिलकर खेमपाल की हत्या कर दी। खेमपाल की ससुराल दबतोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ततारपुर गांव में है। दरोगा इंद्रेश चौहान ने बताया कि कंकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पहचान के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।