नर्सिंग होम में भर्ती पत्नी के लिए चाय लेकर बाइक से जा रहे युवक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। थाना सिविल लाइंस के नेकपुर गली नंबर तीन में रहने वाला 26 वर्षीय प्रमोद नेकपुर स्थित मेंथा फैक्ट्री में नौकरी करता था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके बड़े भाई विनोद ने बताया कि शनिवार को मीरा सराय स्थित नर्सिंग होम में प्रमोद की पत्नी सीमा की डिलीवरी हुई थी, उसने बेटी को जन्म दिया। प्रमोद बाइक से पत्नी सीमा के लिए घर से चाय लेकर नर्सिंग होम जा रहा था। रास्ते में चामुंडा चौराहा पर पहुंचते ही बुधवार देर रात बेकाबू ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखचे उड़ गए दुर्घटना में प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।