चलते टेंपो से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान टेंपो का पहिया उसके सिर के ऊपर से उतर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब महिला दवा लेकर अपने घर लौट रही थी। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव नैथू निवासी श्यामपाल की पत्नी 40 वर्षीय शीला बृहस्पतिवार सुबह दवा लेने मूसाझाग गई थी। वहां से टेंपो में बैठकर अपने घर लौट रही थी। गांव खिरिया रहलू के पास चालक ने टेंपो में तेज ब्रेक लगा दिए। अचानक झटका लगने पर टेंपो के गेट पर बैठी शीला नीचे सड़क पर जा गिरी। तभी उसी टेंपो का पहिया शीला के सिर के ऊपर से उतर गया। इसमें उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर उसके घरवाले और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।