विवाह समारोह में एक युवक की बंदूक से गोली चलने से महिला की मौत हो गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बजती हुई शहनाई पल भर में बंद हो गईं। दिन निकलते ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को घटना की सूचना तक नहीं दी गई।
शुक्रवार की रात नगर में एक विवाह समारोह था। रात करीब साढे़ बारह बजे एक युवक की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल गई। जो सामने बैठी एक महिला के लगी। गोली लगने के 15 मिनट बाद ही महिला ने दम तोड़ दिया। इस घटना से सभी हतप्रभ रह गए। बज रही शहनाई मातम में बदल गईं। जहां पर खुशी का माहौल था, वहां पर चीख पुकार सुनाई देने लगी। जैसे-तैसे वर-वधु के फेरे डाले गए। आननफानन में लड़की विदा भी कर दी गई। दिन निकलते ही महिला का शमशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिन जैसे-जैसे बढ़ रहा था, वैसे-वैसे पूरे नगर में घटना की चर्चा आम होती जा रही थी। हर एक की जुबान पर गोली लगने से महिला की मौत की बात ही सुनाई दे रही थी। बताते हैं कि मामला घर का था। महिला युवक की ताई बताई जा रही है।
घटना की कोई सूचना नहीं दी गई है। इस बारे में पुलिस को कोई जानकारी भी नहीं है। - सतीश यादव, एसओ