युवती की हत्या कर शव पुरानी नहर के कुंड में फेक दिया गया। पहचान मिटाने के लिए शव जला दिया गया। काफी कोशिश के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस आशंका जता रही है कि युवती की हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया, बाद में पहचान मिटाने के लिए इसे जलाया गया।
जरीफनगर के गांव बृथला नीमरी के पास ही एक पुरानी नहर है। बुधवार सुबह जानवरों को लेकर यहां चरवाहे पहुंचे तो उन्होंने युवती का अधजला शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलने पर एसओ गंगा सिंह मौके पर पहुंचे। मृतका की उम्र करीब 18 वर्ष प्रतीत हो रही थी। ये खबर सुनकर आसपास के कई गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पड़ोस के गेहट, कादराबाद, कोठरा, बस्तई आदि गांवों के लोगों से लाश की शिनाख्त कराई, लेकिन कोई इसे पहचान नहीं सका। लाश बुधवार रात में यहां लाकर डाली गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती का अधजला शव मिलना इलाके में चर्चा का विषय है। इसको लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
ऑनर किलिंग की आशंका से भी इंकार नहीं
जिस तरह से युवती की हत्या कर शव ठिकाने लगाया गया, उसे देखकर ऑनर किलिंग की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। एसओ गंगा सिंह के अनुसार, युवती गर्भवती मालूम हो रही है। ऐसे में हो सकता है समाज में बदनामी से बचने के लिए परिवार वालों ने ही घटना को अंजाम दिया हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि उसको किस तरह मारा गया और वह गर्भवती थी या नहीं। मृतका की शिनाख्त भी नहीं हो सकी है।
शरीर पर नहीं मिला कोई जेवर
जरीफनगर। युवती के शरीर पर कोई जेवर भी नहीं है। उसके हाथों में चूड़ियां, पैरों में पाजेव भी नहीं है। शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। यह तो स्पष्ट है कि शव को यहां लाकर फेका गया है। रात में ही केरोसिन डालकर उसे जलाया गया होगा।