कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र में एक्सीडेंट के बाद मौके पर भीड़ को हटा रहे एक दरोगा से एक स्थानीय भाजपा नेता ने अभद्रता की। आरोप है कि वर्दी से बिल्ले नोचने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आरोपी के न मिलने पर उसके पिता को थाने में बैठा लिया है।
कस्बे में शनिवार को बाजार लगी थी। कस्बे से दो किमी दूर बनगढ़ के पास बाइक और तांगे की भिड़ंत के बाद मारपीट हुई तो मौके पर जाम लग गया। सूचना पर दरोगा उपेंद्र सिंह अपने साथ कांस्टेबल महेश चंद्र को लेकर बाइक से मौके पर पहुंचे और भीड़ हटाने लगे। यहां खड़े भाजपा के एक स्थानीय नेता को दरोगा के हाथ से धक्का लगा तो वह आग बबूला हो गए। उक्त नेता ने दरोगा से अभद्रता की। चूंकि उस नेता के साथ कई लोग थे, इसलिए दरोगा वहां से हट गए। वह साइड में गए और थाना फोन करके फोर्स मंगाया। इस बीच उक्त नेता फरार हो गया। इसके बाद फोर्स पहुंची और उक्त नेता के घर दबिश दी। उक्त नेता के न मिलने पर उसके पिता को पुलिस थाने ले आई। दरोगा ने स्वीकार किया कि उनसे अभद्रता और बिल्ले नोचने की कोशिश जैसा कृत्य किया गया। वह आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वहीं, एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि वह बदायूं हैं। कहासुनी की सूचना है, मारपीट नहीं हुई है।