मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
स्कूल आईं तीन छात्राएं अचानक लापता हो गईं। घर नहीं पहुंचीं तो छात्राओं के परिवार वालों ने कोतवाली में तहरीर दी और शनिवार को एसएसपी से मिलकर अपहरण की आशंका जताई। इस मामले में परिवार वालों की तहरीर पर कोतवाली में मुुकदमा दर्ज कर लिया गया है लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका हैं। पुलिस ने एक लड़के को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शहर के दो अलग-अलग मोहल्लों में रहने वालीं तीनों छात्राएं बृहस्पतिवार को शहर के निजी स्कूल में पढ़ने गईं थीं। तीनों छात्राएं सहेलियां हैं। रोजाना की तरह देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों को अनहोनी की आशंका होने लगी। परिवार वाले स्कूल पहुंचे वहां भी छात्राओं को कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच लापता छात्राओं में से एक के साथ स्कूल में पढ़ने वाली उसकी छोटी बहन ने परिवार वालों को बताया कि एक युवक पिछले कई दिनों से बहन का पीछा कर रहा था। लापता छात्राओं के परिवार वाले देर रात तक उनकी तलाश करते रहे लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। लापता छात्राओं के परिवार वाले अपहरण की आशंका जताते हुए शनिवार को एसएसपी चंद्र प्रकाश से मिले और उन्हें बताया कि कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, पुलिस तीनों छात्राओं का पता लगाने में जुटी है। इस मामले में पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है।