मुजरिया थाने के गांव मेवड़ी के पास दिन में सात बजे घटना
जरीफनगर थाने के कस्बा दहगवां के तीन पशु व्यापारियों से बदमाशों ने बुधवार दिनदहाड़े 2.16 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फखरे आलम नाम के पशु व्यापारी को गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना की जानकारी पर एसएसपी महेंद्र यादव, एसपी देहात संजय राय, सीओ केके सरोज ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जानकारी ली।
जरीफनगर थाने के कस्बा दहगवां निवासी फखरे आलम (35) पुत्र खुर्शीद आलम, नदीम (33) पुत्र छुटन्नी, राशिद (34) पुत्र बोनी पशु व्यापारी हैं। बुधवार सुबह तीनों लोग बाइक से मुजरिया थाने के गांव कोल्हाई के साप्ताहिक पशु बाजार जा रहे थे। बाइक राशिद चला रहा था। मुजरिया थाना क्षेत्र में गांव मेवड़ी के पास सात-आठ सशस्त्र बदमाशों ने घेर लिया। एक बदमाश ने लाठी मार कर बाइक गिरा दी। बाइक गिरते ही बदमाशों ने दबोच लिया। बदमाशों ने फखरे आलम से एक लाख, राशिद से 90 हजार और नदीम से 26 हजार रुपये, मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फखरे आलम को गोली मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया।
घायल फखरे आलम को लेकर राशिद और नदीम सहसवान कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मामला मुजरिया थाने का होने की बात कहकर टरका दिया। घायल को सहसवान सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। फखरे आलम के भाई हाफिज वसीम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-------
तीन अन्य व्यापारी शिकार होने से बचे
मुजरिया। दहगवां के ही तीन अन्य पशु व्यापारी भी लूट का शिकार होने से बचे। फखरे आलम, नदीम और राशिद के पीछे बाइक से दहगवां के ही पशु व्यापारी सलीम, बौना और रेहान भी थे। बदमाशों ने इन तीनों से भी लूट की कोशिश की, लेकिन बदमाश इसमें कामयाब नहीं हो सके। तीनों व्यापारी लूट का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
------
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। सच क्या है यह विवेचना में सामने आ जाएगा। पुलिस पड़ताल कर रही है।-संजय राय, एसपी देहात