थाना क्षेत्र के गांव निजामाबाद में रविवार की रात चोरों ने दो घरों से लाखों रुपये का सामान समेट लिया। खबर मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना जरूर किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। रविवार रात निजामाबाद गांव में चोर ताला तोड़कर दिलीप के घर में घुस गए। यहां से चोरों ने दो किलो चांदी, 45 हजार रुपये, एक लैपटॉप और सोने के जेवर समेत करीब दो लाख रुपये का माल साफ कर दिया। इसके बाद चोरों ने गांव के ही राम सनेही के घर को निशाना बनाया। यहां से चोरों ने 10 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का माल साफ कर दिया। रामसनेही के घर में चोर दीवार फांदकर घुसे थे। सुबह होने पर दोनों परिवारों को चोरी की जानकारी हुई। रिपोर्ट दर्ज कराने को दोनों ने तहरीर दी है। पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
स्कूल में चोरी की कोशिश
बदायूं। सिविल लाइंस थाने के मोहल्ला नेकपुर स्थित मोहन सिंह मेमोरियल स्कूल में चोरी की कोशिश की गई। जाग हो जाने पर चोर भाग गए। स्कूल के पास ही ग्रीश चंद्र यादव का आवास है। यहां भी चोरों ने चोरी की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।