हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ राजा की मंगलवार सुबह सात बजे मीट मार्केट के पास छोटी सराय मोहल्ले में ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी गई। हमलावरों से बचकर राजा ने भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने दौड़ा-दौड़ा कर गोलियां बरसा दीं। हमले में राजा का साथी सलीम और छोटी सराय निवासी इब्राहीम नामक युवक घायल हो गए। हत्या के बाद कई इलाकों में तनाव है। दहशत के चलते खांडसारी का बाजार बंद रहा। राजा के भाई फहीम ने 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या का कारण पहले हुआ डबल मर्डर और मीट कारोबार की रंजिश बताई जा रही है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खांडसारी निवासी नईम उर्फ राजा हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ डबल मर्डर समेत हत्या, रंगदारी, कातिलाना हमलों के लगभग दर्जन भर मामले दर्ज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार सुबह सात बजे नईम उर्फ राजा पुत्र मोहम्मद कासिम अपने साथी सलीम पुत्र हनीफ के साथ जेसी टाकीज के पास स्थित मीट मार्केट से मीट लेने गया था। छोटी सराय में उसको कुछ लोगों ने घेर लिया। राजा और सलीम जान बचाकर भागे तो हमलावरों ने पीछा कर राजा को गोलियों से भून दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने से सलीम और इब्राहीम पुत्र इकबाल घायल हो गए। उनकी हालत स्थिर है।
घटना के बाद जिला अस्पताल में तीन घंटे तक हंगामा होता रहा। भीड़ ने एक व्यक्ति को पुलिस की मौजूदगी में पीट दिया। तनाव के मद्देनजर जिला अस्पताल, खंडसारी मोहल्ला और छोटी सराय में पीएसी तैनात कर दी गई है।