कोतवाली पुलिस बुधवार को बाइक चोरों तक पहुंच गई। एक घर में चोरी की बाइक का चेसिस समेत अधिकांश हिस्सा मिस्त्री की दुकान पर मिला। पुलिस ने तीन युवकों को भी दबोच लिया। उनके निशानदेही पर बाइकों के छह टायर भी बरामद हो गए। हिरासत में मौजूद युवकों ने पूछताछ के दौरान चोरी की कुछेक और बाइकों के बारे में भी बताया। पुलिस उनकी बरामदगी की कोशिश में जुट गई है।
चोरी की बाइकों को काटकर उसके उपकरण बेचे जाने के मामले की भनक दरोगा एके सिंह और सिपाही यदुवीर कुंतल को सुबह मैकेनिक की दुकान पर लगी। पुलिस ने गांव बसोमा निवासी दो मैकेनिक हिरासत में ले लिए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बाइक से निकाल कर बेचा गया इंजन बरामद कर लिया। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि इंजन 22 सौ रुपये में डॉ. जर्राह के बेटे और उसके दोस्त से खरीदा है। मैकेनिकों की सूचना पर अयोध्यागंज मोहल्ले में पुलिस ने आरिफ के घर में काटी गई बाइक को भी बरामद कर लिया।
आरिफ किराये के मकान में रहता है। दरोगा सिंह के मुताबिक, आरिफ की पीठ में चोट है। उसकी भी गिरफ्तारी होगी। बाइक चोरी की घटनाओं की तह तक पहुंचने को पुलिस ने जर्राह के बेटे की तलाश में दबिश भी दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। पुलिस की मानें तो अब तक कि जांच में चोरी की तीन-चार बाइकों को खुर्द-बुर्द करने के संकेत मिले हैं। आरिफ के घर में मिले बाइकों के छह पहिया इसी ओर इशारा करते हैं।
पिछले दिनों हुई थीं स्कूटी समेत तीन बाइक चोरी
नगर में पिछले दिनों गौरव शर्मा की स्कूटी समेत तीन बाइक चोरी हो चुकी हैं। बाइक चोरी की घटनाओं की पुलिस को भी जानकारी है। तहकीकात के लिए पुलिस ने चार-पांच दिन से सुरागरसी भी कराई थी। सूत्रों की मानें तो हिरासत में मौजूद युवक बाहर से बाइक चोरी करके लाने में लिप्त हो सकते हैं।