लव मैरिज के 10 दिन बाद ही फांसी पर लटका मिला युवक
- फोटो : लव मैरिज के 10 दिन बाद ही फांसी पर लटका मिला युवक
थाना क्षेत्र के गांव मिढ़ौली मिर्जापुर में लव मैरिज के 10 दिन बाद ही युवक का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। इसमें मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। हालांकि, मृतक के परिवार के लोगों की ओर से अब तक कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है। मामले में पड़ताल की जा रही है।
कादरचौक थाने के गांव मिढ़ौली मिर्जापुर निवासी नन्हे के 20 वर्षीय पुत्र गुड्डा ने करीब 10 दिन पहले ही रमजानपुर गांव के अनार खां की बेटी तबस्सुम उर्फ मनतशा के साथ लव मैरिज की थी। रविवार रात पति-पत्नी घर में सोए थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे गुड्डा का शव दुपट्टे के सहारे कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखकर तबस्सुम ने शोर मचाया। इस पर परिवार के लोग जाग गए। इस बारे में सूचना थाना पुलिस को दी गई। एसओ कादरचौक बीपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में गुड्डा की मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। घटना के बाद सीओ उझानी गमलेश्वर बिल्टोरिया ने भी कादरचौक पहुंच कर गुड्डा के परिवार वालों और उसकी पत्नी से पूछताछ की। सोमवार देर शाम तक गुड्डा के परिवार वालों की ओर से कोई तहरीर थाने में नहीं दी गई थी। एसओ बीपी सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
परिवार वाले भी हैरत में, खुदकुशी की वजह साफ नहीं
कादरचौक। गुड्डा के परिवार वाले भी इस बात को लेकर हैरत में हैं कि आखिर गुड्डा ने खुदकुशी क्यों की। 10 दिन पहले ही उसने तबस्सुम के साथ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद पति-पत्नी खुशी के साथ वैवाहिक जीवन जी रहे थे। परिवार वालों का कहना है कि गुड्डा ने उनकी मर्जी के खिलाफ शादी जरूर की, लेकिन बहू के घर आने के बाद उन्होंने उसे स्वीकार कर लिया था। तबस्सुम के परिवार के लोग भी इस प्रेम विवाह से नाराज नहीं थे। इसके बावजूद गुड्डा का यह कदम किसी के समझ नहीं आ रहा। पोस्टमार्टम में मौत की वजह हैंगिंग आने के बाद पुलिस भी इस घटना को लेकर पसोपेश में है।