फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल गई छात्रा अगवा, सिविल लाइंस थाना घेरा

Tue, 22 Aug 2017 11:16 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो,बदायूं
विज्ञापन
Police station
विज्ञापन
आठवीं कक्षा की एक छात्रा को स्कूल जाते समय सिविल लाइंस इलाके से अगवा कर लिया गया। पता लगने पर परिवार वाले दिन भर थानों के बीच चक्कर लगाते रहे, और पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। इससे गुस्साए परिवार वालों ने सिविल लाइंस थाने का घेराव कर हंगामा भी किया। छात्रा को अगवा करने का आरोप स्कूटी सवार दो लड़कियों पर है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा शहर के एक प्राइवेट स्कूल में पड़ती है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह स्कूल जाने के लिए घर से पैदल निकली थी। दोपहर को घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ पता नहीं लगा तो परिवार वाले घटना की तहरीर देने महिला थाने पहुंचे। वहां से उन्हें मामला कोतवाली क्षेत्र का होने की बात बताकर लौटा दिया गया। कोतवाली पहुंचे तो यहां पुलिस ने घटना स्थल सिविल लाइंस क्षेत्र में होने की बात कहकर कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके बाद छात्रा के परिवार वाले महिला थाने भी पहुंचे। पुलिस ने नहीं सुनी तो रात करीब नौ बजे छात्रा के परिवारी कई रिश्तेदारों के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचे। यहां थाने का घेराव करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि उनकी बेटी को 18 अगस्त को इसी तरह स्कूटी सवार दो लड़कियां अगवा करके शिवपुरम कॉलोनी ले गई थीं। उस दिन उन्होंने बेटी को खुद छुड़ा लिया था। आरोप है कि अगवा करने वाली लड़कियां छात्रा को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलना चाहती हैं। इसीलिए दोबारा उसको अगवा किया गया है। थाने पर हंगामे का पता लगने पर सीओ सिटी वीरेंद्र यादव सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। उन्होंने एक पुलिस टीम को परिवार वालों के बताए अनुसार शिवपुरम कॉलोनी भेज दिया। पुलिस टीम छात्रा की तलाश को रवाना हो गई। इसके बाद परिवार वाले शांत हुए। हालांकि, इस मामले में आधीरात तक न तो रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही पुलिस छात्रा के बारे में कुछ पता कर सकी। देर रात तक छात्रा की तलाश में कई जगह छापेमारी की जा चुकी थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें