कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव नौनी कटिन्ना का एक परिवार कांग्रेसियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला। पत्र देकर ग्राम प्रधान पर आरोप लगाया कि चुनाव में वोट नहीं देने के कारण 28 अप्रैल को उसने पुलिस के सहयोग से घर में आकर तोड़फोड़ की। हैंडपंप को भी उखाड़ दिया। एसएसपी ने इस मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस के प्रांतीय महासचिव ओमकार सिंह की अगुवाई मे मिले पीड़ित कल्लू ने एसएसपी को दिए पत्र में कहा है कि वह अपना पैतृक काम करके परिवार का पालन पोषण करता है। आरोप है कि मंगलवार को प्रधान ने मामूली बात पर अपने भाइयों के साथ उसके परिवार को पीटा। पुलिस से शिकायत की तो उसने भी नहीं सुनी। आरोपियों ने घर में आकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने प्रधान के खिलाफत करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी। कहा है कि प्रधान और उसके परिवार के आतंक के कारण वह गांव से पलायन को मजबूर है।
कांग्रेसियों ने एसएसपी से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर शहर अध्यक्ष नरेश गुप्ता, शेखर साहू, आतिफ खां, पवन गौतम आदि थे।