तीसरे दिन हाथों में झाड़ू लिए हुए थे कई, पांच महिला शिक्षामित्रों की तबीयत बिगड़ी, एक बेहोश
समायोजन रद्द होने से आंदोलित शिक्षामित्रों ने शुक्रवार को तीसरे दिन भी जोरदार प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय मालवीय आवास पर धरना-प्रदर्शन के बाद हाथ में झाड़ू थामकर जुलूस निकालने के बाद बरेली-मथुरा और मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। तेज धूप में जाम लगाकर बैठे शिक्षामित्रों का आक्रोश चरम पर था। पुलिस के समझाने पर उन्होंने बमुश्किल जाम खोला तो काफी देर बार ट्रैफिक चालू हो सका। जाम के दौरान पांच महिला शिक्षामित्रों की तबीयत बिगड़ गई। एक महिला शिक्षामित्र तो बेहोश होकर गिर पड़ी। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाना पड़ा। शुक्रवार को सुबह से ही जिले भर से महिला-पुरुष शिक्षामित्र धरना-प्रदर्शन को मालवीय आवास पर पहुंचने लगे। दोपहर तक ये संख्या सैकड़ों में पहुंच गई। आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले धरने पर बैठे शिक्षामित्रों के हाथों में झाड़ू थीं। कुछ के हाथ में तिरंगा भी था। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार को चाहिए वह मानवीय संवेदनाओं के आधार पर उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका जल्द दायर करे। केंद्र सरकार संविधान में संशोधन कर एक लाख 72 हजार शिक्षामित्रों को टीईटी कराकर पुन: मूल पद पर जल्द तैनात कराए। वक्ताओं ने साफ कहा यदि सरकार ने उनकी मांग पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और गति दी जाएगी। इस फैसले से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। दोपहर धरना स्थल से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए सभी शिक्षामित्र डीएम चौराहे पर पहुंचे। यहां से होते हुए पुलिस लाइंस चौराहे, ओवरब्रिज, बीएसए दफ्तर पर जाम लगा दिया। दो हाईवे जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गईं। पुलिस के काफी समझाने के बाद शिक्षामित्रों ने जाम खोला। फिर वह प्रदर्शन करते हुए इंदिरा चौक, गांधी पार्क, लावेला चौक होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंचे। प्रदर्शनकारी शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया। पूर्व भाजपा विधायक प्रेमस्वरूप पाठक को भी ज्ञापन दिया। इस मौके पर निर्भान सिंह यादव, रवेंद्र सिंह, वासुदेव, मुनेंद्र कुमार, सतीश चंद्र गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, कुंवरपाल सिंह, दिनेश चौधरी, चरन सिंह, विनोद राठौर, राहुल रस्तोगी, अभिषेक, तेजेंद्र, ओवेंद्र, फु रकान अली, बाबू सिंह, अहिवरन सिंह, विनोद सक्सेना, अवनीत सक्सेना, अनुराग यादव,उदयवीर सिंह,मृदुलेश यादव, लक्षमण यादव, गजेंद्र शाक्य, अनिल यादव, सीमा भारती, धर्मपाल, हंसराज, सुरेश, अजमल, नीलम, अनीता आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।