पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा, आरोपी फरार
शनिवार दोपहर की वारदात, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
खेत में सरसों की फसल काटने गई 15 वर्षीय किशोरी से गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है। आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। वारदात शनिवार दोपहर हुई।
सहसवान कोतवाली के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी शनिवार को अपने आठ वर्षीय भाई के साथ खेत पर सरसों की फसल काटने गई थी। कुछ देर के बाद उसका भाई घर पर चला गया। आरोप है कि इसी दौरान गांव का छोटे पुत्र दिलशाद वहां पहुंचा। उसने किशोरी को दबोच लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के पिता का कहना है कि जब उसकी बेटी काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो वह खेत पर गया। वहां देखा उसकी बेटी खेत की मेड़ पर बैठी रो रही थी। पिता के पूछने पर उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद पिता उसको लेकर कोतवाली पहुंचा। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।