बांके बिहारी लॉ कॉलेज के प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार पर जानलेवा हमले की विवेचना पुलिस ने शुरू कर दी है। सोमवार को विवेचक ने पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का दोबारा मुआयना किया। उधर, आरोपी छात्र की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन सोमवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा था।
शनिवार को उझानी स्थित बांके बिहारी लॉ कॉलेज में छात्र पुष्पांशु उर्फ मोना को नकल करते हुए केंद्र व्यवस्थापक प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार ने पकड़ लिया था। इस पर बौखलाए छात्र ने अपने साथियों को बुलाकर प्रोफेसर पर फायरिंग की थी, जिसमें वह बाल-बाल बचे थे। प्रोफेसर की ओर से आरोपी छात्र पुष्पांशु समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुष्पांशु बदायूं शहर निवासी ठेकेदार कमलकांत शर्मा का बेटा है। सोमवार को विवेचक एसआई अशोक कुमार ने बांके बिहारी लॉ कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक वीरेंद्र कुमार के बयान दर्ज किए और घटना के संबंध में करीब एक घंटे पूछताछ की। उनसे आरोपी छात्र पुष्पांशु के साथियों के बारे में भी पूछा। हालांकि उन्होंने पुष्पांशु के अलावा किसी अन्य को पहचानने से इंकार कर दिया। प्रोफेसर ने विवेचक को चश्मदीद छात्रों के नाम भी नोट कराए। उधर, आरोपी छात्र को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम ने शनिवार रात और सोमवार सुबह कई जगह दबिश दी, वह हत्थे नहीं चढ़ा।
कड़ी सुरक्षा में हुई परीक्षा
बांके बिहारी लॉ कॉलेज के प्रोफेसर पर हुए हमले के बाद पुलिस अफसर और कॉलेज प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को परीक्षा के दौरान कॉलेज गेट पर पुलिस का पहरा रहा। कॉलेज के सुरक्षा गार्ड भी मुस्तैद रहे। लॉ कॉलेज के अन्य कर्मचारी भी अलर्ट रहे।
आज है पुष्पांशु का पेपर
उझानी। बांके बिहारी लॉ कॉलेज के छात्र पुष्पांशु शर्मा का पेपर अब मंगलवार को है। वह पेपर देने कॉलेज पहुंचेगा या नहीं, यह तो परिस्थितियों पर निर्भर करेगा लेकिन अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है वह पेपर देने के पहुंचेगा ही। सूत्रों की मानें तो पुष्पांशु उसी स्थिति में कॉलेज पहुंचेगा, जब कोई बीच का रास्ता निकल आए। वरना तो पेपर से पहले या फिर बाद में पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है।