वजीरगंज (बदायूं)। पुलिस ने गुरुवार शाम मुठभेड़ के बाद 20 हजार के इनामी बदमाश चंद्रवीर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़ा गया बदमाश संभल जिले के थाना बनियाठेर क्षेत्र का रहने वाला है। एसएसपी के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली से एसओजी प्रभारी रामगोपाल शर्मा और सिपाही मुनीश कुमार भी घायल हुए हैं।
गुरुवार शाम करीब पांच बजे वजीरगंज थाना पुलिस आंवला रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। एसओ ओमकार सिंह ने बताया कि इसी दौरान एक बाइक सवार को पुलिस ने रोकने के लिए हाथ का इशारा किया। उसने रुकने के बजाय बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार ने फायरिंग कर दी और झाबर की पुलिया के पास एक बाग में छिप गया। एसओ ने इसकी सूचना वायरलैस पर दी।
एसपी देहात डॉ.एसपी सिंह और सीओ बिसौली मुन्नालाल, एसओजी टीम, थाना वजीरगंज, बिसौली, बिल्सी, बदायूं के थानों की पुलिस के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने बाग की घेराबंदी कर बाग में फायरिंग की। बदले में बदमाश ने भी गोली चलाई। इसी बीच पैर में गोली लगने से बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के पूछने पर बदमाश ने अपना नाम चंद्रवीर पुत्र पच्चू निवासी चिड़िया भवन थाना बनियाठेर जिला संभल बताया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल के जाकर भर्ती करा दिया।
इसी बीच एसएसपी चंद्रप्रकाश, एसपी सिटी कमल किशोर, सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव भी जिला अस्पताल पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बदमाश की चलाई गोली लगने से एसओजी प्रभारी रामगोपाल शर्मा और सिपाही मुनीश कुमार भी घायल हुए हैं। बदमाश के पास से बाइक, तमंचा और 12 कारतूस बरामद किए गए हैं। वह 2010 में हुए एक मर्डर के मामले में वांछित चल रहा था।
----
गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंजा
मुठभेड़ के दौरान रोड पर दोनों ओर रोक दिए गए थे वाहन
वजीरगंज (बदायूं)। सरेशाम अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर इलाके के लोग दहल गए। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उधर से गुजरने वाले वाहन भी रोक दिए।
पुलिस और बदमाश की चलाई जा रहीं गोलियों की आवाज सुनकर आसपास गांवों के लोग भी दहशत में आ गए। बदमाश चंद्रवीर ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। बकौल पुलिस: बाइक को छोड़ने के बाद चंद्रवीर बाग में घुस गया। पेड़ की ओट लेकर फायरिंग करता रहा लेकिन पुलिस ने उसे हर तरफ से घेर लिया। इसकी वजह से वह भागने में सफल नहीं हो पाया। पुलिस ने पहले उससे खुद बाहर आने को कहा। वह बाग से बाहर नहीं निकला तो पुलिस ने अंधाधुंध फायरिंग की, एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे दबोच लिया गया।
--
कई गंभीर मामले हैं चंद्रवीर पर
वजीरगंज। एसएसपी चंद्रप्रकाश के अनुसार पकड़े गए बदमाश चंद्रवीर पर कई गंभीर मामले बताए जा रहे हैं। संभल और मुरादाबाद जिले की पुलिस से भी उसका आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मर्डर में फरार चलने की वजह से इसकी बनियाठेर पुलिस को काफी तलाश थी।
--
ब्लाक प्रमुख ने दिया पुलिस को इनाम
वजीरगंज। ब्लाक वजीरगंज के प्रमुख अरविंद वार्ष्णेय ने संभल जिले के इनामी बदमाश को पकड़ने वाली पुलिस टीम को अपनी ओर से पांच हजार का इनाम दिया है।
--
एसएसपी के सामने कुछ नहीं बोला चंद्रवीर
बदायूं। जिला अस्पताल में भर्ती इनामी बदमाश चंद्रवीर को देखने पहुंचे एसएसपी चंद्रप्रकाश ने उससे पूछताछ की। मगर वह ज्यादातर चुप ही रहा।