नरऊ निवासी नाजिर सिंह का 32 वर्षीय पुत्र अवधेश यहां मोहल्ला श्रीनारायनगंज में किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार की शाम को वह गांव जाने की बात कहकर निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। सुबह शौच को निकले गांव के एक व्यक्ति ने नाजिर के खेत में शव पड़ा देखा। उसने गांव पहुंचकर लोगों को जानकारी दी तो धीरे-धीरे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। नाजिर भी वहां पहुंचे। बेेटे का शव देखकर वह गश खाकर गिर पड़े।
मृतक के शरीर पर चोटों के निशान नजर नहीं आए। उसके जूते भी समीप पड़े मिले। घरवालों की मानें तो अवधेश की हत्या बड़ी ही चालाकी के साथ की गई है। कातिलों ने उसके मुहं में कपड़ा ठूंस कर मारा है। कपड़ा भी शव के पास मिला। सूचना पर कोतवाल गोपीचंद्र यादव भी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के पिता समेत ग्रामीणों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल की। उझानी कोतवाली प्रभारी गोपीचंद्र यादव मामला संदिग्ध है। पिता ने किसी पर शक भी नहीं जताया है। हम मामले की तहकीकात में जुटे हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।